Monday, 20 January 2014

मांगों को लेकर अध्यापकों ने रैली निकाली
जागरण – ११ मिनट पहले

मांगों को लेकर अध्यापकों ने रैली निकाली

संवाद सहयोगी, अमृतसर : एसएसए व रमसा सीएसएस टीचर्स यूनियन पंजाब की ओर से रविवार को अमृतसर में राज्य प्रधान दीदार सिंह की अध्यक्षता में एक रैली निकाली गई। रैली के दौरान अध्यापकों ने सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। मौके पर दीदार सिंह ने कहा कि प्रदेश में तीन वर्ष से ठेके पर काम कर रहे कर्मियों को रेगुलर करने की नीति होने के बावजूद एसएसए और रमसा अध्यापकों को रेगुलर नहीं किया जा रहा। इन अध्यापकों को काम करते हुए पांच वर्ष हो चुके हैं। प्रदेश सरकार नए स्कूल खोलने की बजाय पुराने स्कूलों को भी बंद करने पर आमादा है। इस अवसर पर महासचिव सुनील मोहाली ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से कई बार यूनियन के साथ वादे किए गए हैं, मगर कोई भी वादा पूरा नहीं किया जा रहा। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने भी शिक्षा सचिव को नीति बनाने के लिए कहा था, मगर इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान राजबीर ने कहा कि प्रदेश सरकार उन्हें अतिरिक्त अध्यापक कहकर बुला रही है, जबकि स्कूलों में अध्यापकों के कई पद खाली पड़े हुए हैं व उन पदों पर उनकी नियुक्ति नहीं की जा रही है। रैली के दौरान मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, रोपड़, पटियाला, नवांशहर, लुधियाना आदि से भी अध्यापक उपस्थित हुए।

No comments: